खैर आज के प्रेस नोट में कोतवाली पुलिस ने जमकर वाहवाही लूटी और एक साथ 6 चाकू बरामद किए दो आरोपी समेत। आपको बता दे कि प्रेस नोट में दावा किया गया है स्वतंत्रता दिवस को लेकर कटनी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करते हुए थाना कोतवाली क्षेत्र में विशेष चैकिंग अभियान शुरू किया है। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, होटल, लॉज, ढाबों के साथ-साथ सुनसान और संवेदनशील इलाकों में पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों की लगातार चैकिंग और पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के दौरान कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। खिरहनी फाटक रेलवे पुलिया के पास से दो संदिग्धों को पकड़ा गया, जिनके कब्जे से कुल 6 धारदार चाकू बरामद किए गए।
पुलिस को देखकर भागने लगे संदिग्ध
पुलिस के अनुसार थाना मोबाइल वाहन खिरहनी फाटक क्षेत्र में भ्रमण कर रहा था। इसी दौरान रेलवे पुलिया के पास दो युवक संदिग्ध अवस्था में बैठे दिखाई दिए। पुलिस वाहन को देखकर दोनों युवकों ने वहां से भागने का प्रयास किया।
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उनके घबराए हुए व्यवहार को देखते हुए पुलिस ने नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी में दोनों के कब्जे से अलग-अलग प्रकार के धारदार चाकू बरामद हुए।
एक आरोपी के पास 4, दूसरे के पास 2 चाकू
पुलिस के मुताबिक अशोक विश्वकर्मा के बेटे सत्यम विश्वकर्मा, उम्र 19 वर्ष, निवासी चंडिका नगर, थाना कोतवाली कटनी के कब्जे से कुल 4 चाकू बरामद किए गए। इनमें 2 बटनदार चाकू, 1 धारदार चाकू और 1 आरीनुमा चाकू शामिल है।
वहीं एक 16 वर्षीय विधि-विवादित बालक के कब्जे से 2 चाकू बरामद हुए। इनमें 1 बटनदार और 1 धारदार चाकू शामिल है। इस तरह दोनों के कब्जे से कुल 6 धारदार चाकू बरामद किए गए।
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने इस मामले में थाना कोतवाली कटनी में अपराध क्रमांक 903/2026 और 904/2026 दर्ज करते हुए धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। दोनों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
स्वतंत्रता दिवस को लेकर पुलिस अलर्ट
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर पुलिस द्वारा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, होटल, लॉज और ढाबों के साथ ही थाना क्षेत्र के शैडो एरिया और सुनसान स्थानों पर विशेष निगरानी की जा रही है।
कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष चैकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर पूछताछ और तलाशी ली जा रही है। इसी कार्रवाई में खिरहनी फाटक क्षेत्र से दो संदिग्धों के पास से 6 धारदार चाकू बरामद किए गए।
इनकी रही अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन तथा कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में की गई।
कार्रवाई में उनि. कुलदीप सिंह, सउनि. प्रहलाद पैकरा, आरक्षक अमित सिंह और आरक्षक उपेन्द्र सिंह की अहम भूमिका रही।



