कटनी। नगर पालिक निगम कटनी में मंगलवार को आयोजित महापौर जनसुनवाई में शहर के विभिन्न वार्डों से पहुंचे नागरिकों ने पेयजल, सड़क, नाली, स्वच्छता, अतिक्रमण, राजस्व और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी के सामने रखीं। महापौर ने सभी शिकायतों पर गंभीरता से सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों से जवाबदेही मांगी और तय समयसीमा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महापौर ने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का समाधान केवल फाइलों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसका असर जमीन पर भी दिखाई देना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा आवेदकों को कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
एक ही छत के नीचे मिला समाधान
जनसुनवाई में नगर निगम की विभिन्न शाखाओं के अधिकारी एक साथ मौजूद रहे, जिससे विभागीय समन्वय के साथ कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया। जिन मामलों का तत्काल निराकरण संभव नहीं था, उन्हें संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
महापौर प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि जनसुनवाई नगर निगम और नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने शहरवासियों से प्रत्येक मंगलवार आयोजित होने वाली जनसुनवाई में शामिल होकर अपनी समस्याएं सीधे रखने की अपील की और भरोसा दिलाया कि नगर निगम पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितकारी प्रशासन के लिए लगातार कार्य कर रहा है।


