कटनी। कोतवाली पुलिस की अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई में एक ऐसा नाम सामने आया है, जिसने पूरे मामले को चर्चा का विषय बना दिया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी करण निषाद ने पूछताछ में बताया कि उसे अवैध देशी मसाला शराब मनोज शिवहरे उर्फ 'मामा' से मिली थी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और मनोज शिवहरे उर्फ मामा फिलहाल फरार है।
पुलिस के मुताबिक, बाबाघाट के पास नई रेलवे लाइन पुल के नीचे बिना नंबर की स्विफ्ट कार से 10 पेटी (500 पाव/90 लीटर) अवैध देशी मसाला शराब बरामद की गई। शराब की अनुमानित कीमत 55 हजार रुपये बताई गई है, जबकि वाहन की कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी करण निषाद ने पुलिस को बताया कि यह शराब गणेश निषाद के कहने पर दुर्गा चौक स्थित शासकीय अंग्रेजी शराब दुकान के पीछे से दुकान की देखरेख करने वाले मनोज शिवहरे उर्फ 'मामा' ने वाहन में रखवाई थी। इसके बाद उसे शराब निर्धारित स्थान तक पहुंचाने के लिए कहा गया था।
इसी आधार पर कोतवाली पुलिस ने मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध क्रमांक 842/2026 दर्ज करते हुए करण निषाद के साथ गणेश निषाद और मनोज शिवहरे उर्फ मामा को भी आरोपी बनाया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मनोज शिवहरे उर्फ मामा अभी गिरफ्तार नहीं हुआ है और उसकी तलाश की जा रही है। मामले में यह भी जांच की जा रही है कि अवैध शराब के परिवहन और आपूर्ति के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।
थाना प्रभारी राखी पाण्डेय ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है और सभी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। जांच के आधार पर आगे आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| रवि कुमार गुप्ता, संपादक |



