भोपाल/दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव में मिली हार के बाद भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा संगठनात्मक फैसला लेते हुए जिला दतिया की पूरी संगठनात्मक संरचना भंग कर दी है। भाजपा प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन द्वारा 4 अगस्त 2026 को जारी आदेश में यह कार्रवाई तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी पत्र के अनुसार, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल के निर्देश तथा दतिया विधानसभा उपचुनाव के परिणामों की समीक्षा के लिए गठित समिति की अनुशंसा के आधार पर जिला दतिया की वर्तमान संगठनात्मक संरचना को तत्काल प्रभाव से भंग किया गया है।
जिलाध्यक्ष समेत सभी पदाधिकारी पदमुक्त
आदेश के मुताबिक जिला अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी, जिला कार्यसमिति, मंडल, मोर्चा, प्रकोष्ठ, प्रकल्प एवं विभाग सहित जिले की सभी संगठनात्मक इकाइयों को तत्काल प्रभाव से पदमुक्त कर दिया गया है। यानी दतिया जिले में भाजपा का पूरा संगठन भंग कर दिया गया है।
हार के बाद संगठन पर गिरी गाज
राजनीतिक जानकार इस कार्रवाई को दतिया उपचुनाव में भाजपा की हार के बाद संगठनात्मक जवाबदेही तय करने की दिशा में बड़ा कदम मान रहे हैं। माना जा रहा है कि प्रदेश नेतृत्व जल्द ही नए सिरे से संगठन का गठन कर सकता है।
हालांकि, पत्र में किसी एक पदाधिकारी की व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय नहीं की गई है। आदेश में केवल समीक्षा समिति की अनुशंसा के आधार पर पूरी संगठनात्मक संरचना भंग करने की बात कही गई है।
आदेश की प्रमुख बातें
दतिया उपचुनाव परिणामों की समीक्षा के बाद लिया गया निर्णय।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के निर्देश पर जारी हुआ आदेश।
जिला अध्यक्ष सहित पूरी जिला संगठनात्मक संरचना भंग।
सभी जिला पदाधिकारी, कार्यसमिति, मंडल, मोर्चा, प्रकोष्ठ, प्रकल्प एवं विभाग तत्काल प्रभाव से पदमुक्त।
हालांकि सूत्रों पर भरोसा करें तो जल्द नए संगठन के गठन की संभावना की जा सकती है।


