कटनी। रेलवे में भ्रष्टाचार के खिलाफ केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने कटनी जंक्शन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए इलेक्ट्रिकल विभाग में पदस्थ सीनियर सेक्शन इंजीनियर अजयवीर सिंह को 45 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। जबलपुर की CBI-ACB टीम ने शिकायत के आधार पर जाल बिछाकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को विशेष CBI अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 12 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
शिकायत के बाद CBI ने बिछाया जाल
जानकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता तेजराम कुशवाहा ने CBI की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (ACB) जबलपुर में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि रेलवे से जुड़े कार्य अथवा बिल भुगतान को स्वीकृत करने के एवज में सीनियर सेक्शन इंजीनियर अजयवीर सिंह द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही है।
शिकायत मिलने के बाद CBI ने पहले आरोपों का गोपनीय सत्यापन कराया। शिकायत सही पाए जाने पर जांच एजेंसी ने ट्रैप टीम गठित की और योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की।
45 हजार रुपये लेते ही दबोचा
निर्धारित योजना के तहत जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी इंजीनियर को 45 हजार रुपये की रिश्वत दी, मौके पर मौजूद CBI टीम ने दबिश देकर उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू की गई।
12 नवंबर तक न्यायिक हिरासत
गिरफ्तारी के बाद CBI ने आरोपी से पूछताछ की और शुक्रवार को उसे विशेष CBI न्यायालय में पेश किया। अदालत ने सुनवाई के बाद अजयवीर सिंह को 12 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया।
CBI की इस कार्रवाई से कटनी जंक्शन सहित रेलवे विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है। अब जांच के दौरान यह भी सामने आ सकता है कि कथित रिश्वतखोरी का मामला केवल एक शिकायत तक सीमित है या इसके पीछे कोई और कड़ी भी जुड़ी हुई है। फिलहाल CBI की जांच जारी है।
![]() |
| रवि कुमार गुप्ता, संपादक |



