कटनी। शहर के हृदयस्थल पर स्थित वेंकट लाइब्रेरी में अब पाठकों को कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री एवं कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की चर्चित पुस्तक ‘Belonging: A Journey of Love’ पढ़ने का अवसर मिलेगा। कांग्रेस नेता दिव्यांशु मिश्रा ‘अंशु’ ने कांग्रेसजनों के साथ वेंकट लाइब्रेरी पहुंचकर प्रबंधन को यह पुस्तक भेंट की। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों, युवाओं और आम पाठकों तक महत्वपूर्ण पुस्तकों की पहुंच सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर मीडिया से चर्चा करते हुए दिव्यांशु मिश्रा ‘अंशु’ ने कहा कि सोनिया गांधी का जीवन केवल एक राजनीतिक व्यक्तित्व की कहानी नहीं है, बल्कि प्रेम, त्याग, धैर्य, संघर्ष और सार्वजनिक जीवन के प्रति समर्पण की प्रेरणादायक यात्रा है। इस पुस्तक के माध्यम से पाठकों को उनके व्यक्तिगत जीवन और राजनीतिक सफर को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि पुस्तक में वर्ष 1965 में कैम्ब्रिज में राजीव गांधी से पहली मुलाकात, प्रेम और वर्ष 1968 में विवाह के बाद भारत को अपना घर बनाने के अनुभवों का आत्मीय वर्णन किया गया है। इसके साथ ही संजय गांधी, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के निधन जैसी दुखद घटनाओं से जुड़ी व्यक्तिगत स्मृतियों और कठिन परिस्थितियों में स्वयं को संभालने के अनुभवों को भी साझा किया गया है।
अंशु ने कहा कि राजीव गांधी की शहादत के बाद सोनिया गांधी ने लंबे समय तक सक्रिय राजनीति से दूरी बनाए रखी, लेकिन वर्ष 1998 में कांग्रेस की जिम्मेदारी संभाली। उस समय पार्टी कई राजनीतिक चुनौतियों से गुजर रही थी। पुस्तक में कांग्रेस के राजनीतिक सफर, वर्ष 1999 के घटनाक्रम और स्वर्गीय अर्जुन सिंह सहित वरिष्ठ नेताओं की भूमिका का भी उल्लेख है।
उन्होंने आगे कहा कि वर्ष 2004 में कांग्रेस के नेतृत्व में केंद्र में सरकार का गठन, प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने का सोनिया गांधी का निर्णय और यूपीए सरकार के लगातार दो कार्यकाल भारतीय राजनीति की महत्वपूर्ण घटनाएं हैं। पुस्तक में डॉ. मनमोहन सिंह के साथ राजनीतिक समन्वय, संगठनात्मक चुनौतियों और सार्वजनिक जीवन के अनुभवों पर भी प्रकाश डाला गया है।
पुस्तक में 2024 के लोकसभा चुनाव, INDIA गठबंधन, संविधान एवं लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा, सामाजिक सद्भाव और भारत की विविधतापूर्ण संस्कृति को लेकर सोनिया गांधी के विचार भी शामिल हैं।
दिव्यांशु मिश्रा ‘अंशु’ ने कहा कि पुस्तकालय केवल किताबें रखने का स्थान नहीं होते, बल्कि वे ज्ञान, विचारों और वैचारिक संवाद के केंद्र होते हैं। वेंकट लाइब्रेरी में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, युवा और पुस्तक प्रेमी अध्ययन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में इस पुस्तक को यहां उपलब्ध कराने का उद्देश्य है कि आम नागरिक भी इसे पढ़ सकें और देश के राजनीतिक इतिहास तथा लोकतांत्रिक यात्रा को समझ सकें।
उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण पुस्तकों और विचारों तक आम नागरिकों की पहुंच आसान बनाना तथा नई पीढ़ी में पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है।
इस पहल को उपस्थित कांग्रेसजनों ने भी सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे शहर के विद्यार्थियों, युवाओं और पुस्तक प्रेमियों को एक महत्वपूर्ण पुस्तक पढ़ने का अवसर मिलेगा।
इस कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष आनंद पटेल, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष अजय खटिक, युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सौम्या रंधेलिया, आदित्य कटारे, सोशल मीडिया प्रदेश उपाध्यक्ष शशांक गुप्ता, राहुल पटेरिया, युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष सचिन गर्ग, आईटी जिला अध्यक्ष सुरेंद्र राणा, श्याम पहुजा, चोखे भाईजान, सूर्यकांत कुशवाहा, अभिषेक प्यासी, मीनाक्षी बलवी, श्याम यादव, रमेश अहिरवार, अनुराग दाहिया, रश्मि अग्रवाल, इकलाख अहमद, प्रिंस वंशकार, अभिषेक गुप्ता, सत्यम द्विवेदी, अनुराग पटेल, राजन साहू, मनीषा सिंह, अमित पटेल, अभिषेक परिहार, रवि जायसवाल, देवाश बाजपेयी सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।


