पत्रकार वार्ता में छात्र हित, शिक्षा, मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज और कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना
कटनी। इंडियन कॉफी हाउस, कटनी में NSUI जिला अध्यक्ष अजय खटिक ने पत्रकार वार्ता आयोजित कर छात्र हितों, जिले की शिक्षा व्यवस्था और विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर संगठन की आगामी रणनीति और मांगों को सामने रखा। इस दौरान युवा कांग्रेस नेताओं ने भाजपा के जनप्रतिनिधियों पर भी तीखे राजनीतिक आरोप लगाए।
NSUI जिला अध्यक्ष अजय खटिक ने कहा कि संगठन द्वारा दायर जनहित याचिका पर हाल ही में मध्यप्रदेश हाई कोर्ट द्वारा छात्र संघ चुनाव को लेकर निर्देश दिए गए हैं। NSUI की मांग है कि प्रदेश में छात्र संघ चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराए जाएं, ताकि विद्यार्थी स्वयं लोकतांत्रिक तरीके से अपने प्रतिनिधियों का चुनाव कर सकें।
PPP मॉडल मेडिकल कॉलेज का विरोध जारी रखने का ऐलान
पत्रकार वार्ता में कटनी में PPP मॉडल पर प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। NSUI ने कहा कि छात्रों और आम जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए संगठन इस व्यवस्था का हर स्तर पर विरोध जारी रखेगा।
संगठन ने कटनी में शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज की स्थापना की मांग भी दोहराई। NSUI का कहना है कि महत्वपूर्ण जिले के विद्यार्थियों को उच्च तकनीकी शिक्षा के लिए दूसरे शहरों की ओर जाने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए।
शासकीय लॉ कॉलेज और कॉलेजों में सुविधाओं की मांग
NSUI ने कटनी में शासकीय लॉ कॉलेज की स्थापना, महाविद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने, रोजगारपरक एवं उपयोगी नए पाठ्यक्रम शुरू करने तथा कॉलेजों के इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार की मांग उठाई।
संगठन ने तिलक कॉलेज को ऑटोनोमस किए जाने की मांग भी रखी। NSUI नेताओं ने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। मांगें पूरी नहीं होने पर आने वाले समय में आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी गई।
भाजपा जनप्रतिनिधियों पर दिव्यांशु मिश्रा का हमला
पत्रकार वार्ता में युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव दिव्यांशु मिश्रा ‘अंशु’ ने भाजपा के जनप्रतिनिधियों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि आपसी गुटबाजी के कारण कटनी का विकास प्रभावित हुआ है।
उन्होंने कहा कि कटनी को शासकीय मेडिकल कॉलेज नहीं मिल पाना जिले की जनता के साथ बड़ा अन्याय है। उन्होंने सांसद वीडी शर्मा और विधायक संदीप जायसवाल से इसकी जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग की।
दिव्यांशु मिश्रा ने कहा कि विधायक लखन घनघोरिया द्वारा विधानसभा में पूछे गए प्रश्न के जवाब में स्वास्थ्य मंत्री द्वारा दिए गए उत्तर से कटनी में शासकीय मेडिकल कॉलेज को लेकर किए जा रहे दावों पर सवाल खड़े हुए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि कटनी में विकास के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति अलग है। उनका कहना था कि मूलभूत सुविधाओं के लिए भी जनता को कई बार न्यायालय का दरवाजा खटखटाना पड़ रहा है।
नशे और सट्टे के कारोबार को लेकर भी सरकार को घेरा
दिव्यांशु मिश्रा ने कटनी की कानून व्यवस्था को लेकर भी भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले में अपराध, नशे और सट्टे का कारोबार बढ़ रहा है।
उन्होंने स्मैक, गांजा और अन्य नशीले पदार्थों की कथित अवैध बिक्री तथा सट्टे के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने भाजपा नेताओं पर संरक्षण और मिलीभगत के गंभीर आरोप लगाए।
संजय पाठक के बयान पर भी अंशु का पलटवार
भाजपा विधायक संजय पाठक द्वारा कटनी को ‘बड़ा कस्बा’ कहे जाने संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए दिव्यांशु मिश्रा ने उन पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने आरोप लगाया कि पाठक परिवार को लंबे समय तक कटनी का नेतृत्व करने का अवसर मिला, लेकिन उनके कार्यकाल में शहर के विकास के बजाय निजी हितों को प्राथमिकता दी गई। उन्होंने आदिवासी जमीन, सहारा की जमीन और नगर निगम की योजना की जमीन को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए।
दिव्यांशु मिश्रा ने हालिया न्यायालयीन कार्रवाई और पाठक परिवार से जुड़ी फर्म पर कथित ₹443 करोड़ की माइनिंग रिकवरी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने सरकार से मांग की कि यदि यह राशि विधि सम्मत रूप से वसूल की जाती है तो उसे कटनी के विकास में लगाया जाना चाहिए।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
NSUI ने स्पष्ट किया कि छात्र संघ चुनाव, शिक्षा व्यवस्था, शासकीय मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, लॉ कॉलेज, तिलक कॉलेज को ऑटोनोमस करने तथा जिले की मूलभूत समस्याओं को लेकर उसका संघर्ष जारी रहेगा।
संगठन ने कहा कि छात्र और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


