कटनी। नगर पालिक निगम कटनी में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी की अध्यक्षता में मंगलवार को मेयर-इन-काउंसिल की बैठक आयोजित हुई। दोपहर 3 बजे से आयोजित बैठक में शहर के विकास, स्वच्छता, जलप्रदाय, सीवरेज, आवास, मानव संसाधन और नागरिक सुविधाओं से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में कई प्रस्तावों को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में मेयर-इन-काउंसिल सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष शिब्बू साहू, सुरेंद्र गुप्ता, जयनारायण निषाद, उमेंद्र अहिरवार, सुमन राजू माखीजा सहित नगर निगम उपायुक्त शैलेश गुप्ता एवं प्रियंका झारिया उपस्थित रहे।
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय
बैठक में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रावधानों के अनुरूप थोक अपशिष्ट उत्पादकों के चिन्हांकन, उनके कर्तव्यों और केंद्रीय पोर्टल पर पंजीयन को लेकर चर्चा की गई। इसके साथ ही प्रसंस्करण प्लांट में एकत्रित पुराने कचरे के प्रसंस्करण कार्य के लिए निविदा संबंधी प्रस्ताव पर विचार करते हुए सर्वसम्मति से स्वीकृति दी गई।
आउटसोर्स कर्मचारियों की अवधि बढ़ाने पर सहमति
नगर की विभिन्न सेवाओं को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से आउटसोर्स श्रमिकों की स्वीकृति तथा विद्युत, जलप्रदाय, कर्मशाला और अतिक्रमण शाखा में पूर्व से कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों की स्वीकृति अवधि बढ़ाने संबंधी प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई। वहीं अतिक्रमण शाखा के लिए 31 अगस्त तक कर्मचारियों की स्वीकृति दिए जाने की बात कही गई।
कटनी नदी और सीवरेज व्यवस्था को लेकर बड़ा फैसला
कटनी नदी को प्रदूषण मुक्त करने और सीवरेज व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। गाटर घाट, मोहन घाट और मसूरहा घाट से मिलने वाले नालों सहित कटनी नदी के आसपास के क्षेत्रों से निकलने वाले अपशिष्ट जल के इंटरसेप्शन एवं डायवर्सन, प्रस्तावित ट्रीटमेंट यूनिट तथा उपचारित सीवरेज के पुनर्चक्रण से जुड़े शेष कार्य के भुगतान के लिए पूर्व स्वीकृत राशि के अतिरिक्त नियमानुसार 18 प्रतिशत जीएसटी की राशि 17.80 लाख रुपये की स्वीकृति सर्वसम्मति से प्रदान की गई।
प्रधानमंत्री आवास योजना के 103 हितग्राहियों की सूची मंजूर
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत गठित दल द्वारा आवेदनों के परीक्षण एवं सत्यापन के बाद एएचपी घटक के तहत प्रस्तुत 103 हितग्राहियों की सूची का अनुमोदन भी मेयर-इन-काउंसिल के सदस्यों द्वारा किया गया।
वहीं विभिन्न वार्डों के मार्गों एवं चौराहों के नामकरण संबंधी प्रस्ताव पर संपूर्ण जानकारी के साथ प्रकरण आगामी बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
रेलवे स्टेशन के पास व्यावसायिक केंद्र निर्माण का प्रस्ताव परिषद में जाएगा
प्रमोटर स्कीम के अंतर्गत कटनी रेलवे स्टेशन के पास विश्राम गृह क्रमांक-2 के स्थान पर वाणिज्यिक केंद्र निर्माण से संबंधित प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई। सदस्यों ने प्रकरण पर विचार-विमर्श के बाद इसे स्वीकृति के लिए निगम परिषद के आगामी सम्मिलन में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
निगम के स्कूलों में 12 शिक्षकों की नियुक्ति को मंजूरी
नगर पालिक निगम द्वारा संचालित विद्यालयों में शिक्षक एवं सहायक उपलब्ध कराने संबंधी प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई। प्राचार्यों के मांग पत्र के आधार पर केसीएस स्कूल में 7, साधूराम स्कूल में 3 और ए. रविन्द्रराव स्कूल में 2 शिक्षकों को रखे जाने की स्वीकृति सर्वसम्मति से प्रदान की गई।
बैठक के दौरान कार्यपालन यंत्री अंशुमान सिंह, सुधीर मिश्रा, राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक, सहायक यंत्री अनिल जायसवाल, आदेश जैन, मोना करेरा, मृदुल श्रीवास्तव, स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी, अतिक्रमण प्रभारी मानेन्द्र सिंह सहित अन्य विभाग प्रमुख और निगम के तीनों विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे।


