कटनी। कुठला थाना क्षेत्र के कन्हवारा जंगल में जंगली जानवरों के शिकार के लिए लगाए गए करंट की चपेट में आने से 18 वर्षीय युवक की मौत के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपियों ने वारदात छिपाने के उद्देश्य से युवक के शव को जंगल में स्थित पुराने सूखे कुएं में डाल दिया था। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल लोहे की तार भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त 2026 को रितिक बासुदेवा निवासी करहैया ने सूचना दी थी कि साहिल वासुदेव की करंट लगने से मौत हो गई है। सूचना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। मृतक साहिल वासुदेव पिता लवकेश बासुदेवा, उम्र 18 वर्ष, निवासी करहैया की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण बिजली का करंट लगना सामने आया।
मर्ग जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ साक्षियों के बयान दर्ज किए। संदेही प्रकाश कोल के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर पुलिस को घटना की जानकारी मिली। इसके बाद कुठला थाने में अपराध क्रमांक 743/26, धारा 105 एवं 238(बी) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
शिकार के लिए लगाया था करंट
पुलिस की जांच के मुताबिक, 17 अगस्त की शाम प्रकाश कोल, रोशन कोल, रूपेश बर्मन और साजन बर्मन ने जंगली जानवरों का शिकार करने की योजना बनाई। इसके बाद सभी आरोपी बड़ेरी भटिया जंगल पहुंचे। आरोप है कि रोशन कोल अपने साथ लाई लोहे की तार को लकड़ी की खूंटियों के सहारे जमीन से करीब एक फीट ऊपर लगाकर जंगल के पास से गुजर रहे बिजली के तार से जोड़ दिया। इससे लोहे की तार में करंट प्रवाहित हो गया।
रात करीब 2 बजे आरोपी शिकार देखने जंगल पहुंचे। पुलिस के अनुसार, वहां उन्होंने साहिल वासुदेव को करंट की चपेट में मृत अवस्था में पाया।
शव को कुएं में डालकर छिपाया
पुलिस के मुताबिक, घटना सामने आने के डर से आरोपियों ने शव को उठाकर जंगल में मौजूद एक पुराने सूखे कुएं में डाल दिया। वहीं, घटना में इस्तेमाल लोहे की तार को शिव मंदिर के पीछे झाड़ियों में छिपा दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेण्डम के आधार पर लोहे की तार बरामद कर ली है।
पांच आरोपी गिरफ्तार
कुठला पुलिस ने मामले में राजकुमार उर्फ कुंचु उर्फ किश्शु कोल (27), रोशन कोल (25), रूपेश बर्मन (27), साजन बर्मन (22) और प्रकाश कोल (32) सभी निवासी कन्हवारा, थाना कुठला को गिरफ्तार किया। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में उप निरीक्षक अनिल यादव, प्रधान आरक्षक ताहिर खान, रामेश्वर सिंह, अजय यादव, आरक्षक मनोज सिंह, विजय प्रजापति, बुद्धू कुमार, अभय यादव सहित अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका सराहनीय रही।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने मामले की जांच के दौरान मौत की वजह और शव को छिपाने की घटना का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।


