VB-G RAM G अधिनियम के नियमों और प्रावधानों की दी गई जानकारी, जल संरक्षण एवं वृक्षारोपण कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर
कटनी। विकसित भारत-रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण) अधिनियम 2025 (VB-G RAM G) के अंतर्गत बुधवार को कटनी बस स्टैंड स्थित ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय “पंच सम्मेलन” आयोजित किया गया। सम्मेलन में जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधियों सहित अधिकारियों की मौजूदगी रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां वीणापाणी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पमाला अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक सोनी टंडन, जिला पंचायत सदस्य अजय गोटिया, कविता पंकज राय, प्रेमलाल केवट, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, बहोरीबंद जनपद अध्यक्ष लालकमल बंसल, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुराग मोदी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
जल संरक्षण और वृक्षारोपण को प्राथमिकता
बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि ग्राम पंचायतों में विकास प्लान तैयार करते समय जल संरक्षण एवं संवर्धन के कार्यों के साथ वृक्षारोपण को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने ग्राम की आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाएं तैयार कर विकास कार्यों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक सोनी टंडन ने जनप्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों की भूमिका एक अच्छे जनसेवक के रूप में है। इसलिए दूरगामी सोच और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कार्ययोजना तैयार कर उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
वास्तविक जरूरतों के आधार पर बने ग्राम विकास की योजना
जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने जनपद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सदस्यों, सरपंचों एवं पंचों को VB-G RAM G अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 1 जुलाई 2026 से प्रभावशील अधिनियम के उद्देश्यों, प्रमुख अवधारणाओं, नियमों, प्रावधानों एवं प्रक्रिया को समझना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतें अपने क्षेत्र की वास्तविक आवश्यकताओं, उपलब्ध साधन-संसाधनों और स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए विकास की कार्ययोजना तैयार करें। सम्मेलन में जनप्रतिनिधियों से मैदानी स्तर पर आने वाली समस्याओं और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन को लेकर सुझाव भी लिए गए।
ग्राम पंचायत लखापतेरी, मड़ई सहित अन्य ग्राम पंचायतों के सरपंचों द्वारा पूछे गए सवालों और जिज्ञासाओं का भी अधिकारियों ने समाधान किया। इस दौरान वीडियो फिल्म के माध्यम से जनप्रतिनिधियों को योजना के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
योजना के लाभ और पांच स्तंभों की दी जानकारी
जिला पंचायत सदस्य एवं जिला पंचायत सदस्य संघ के प्रदेश अध्यक्ष अजय गोटिया ने VB-G RAM G योजना से होने वाले लाभों की जानकारी दी। कविता पंकज राय ने भी योजना को लेकर अपने विचार रखे।
जनपद पंचायत बहोरीबंद अध्यक्ष लालकमल बंसल ने मैदानी स्तर पर योजना के क्रियान्वयन के दौरान सामने आने वाली कठिनाइयों और गतिविधियों से अधिकारियों को अवगत कराया।
परियोजना अधिकारी ऋषिराज चढ़ार ने विकसित भारत-रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण) अधिनियम 2025 के तहत ग्राम विकास के लिए एकीकृत दृष्टिकोण, योजना से होने वाले लाभ और पांच स्तंभों सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।
नल-जल योजनाओं के संचालन पर भी चर्चा
ग्रामीण यांत्रिकी सेवा की कार्यपालन यंत्री मेघा मौर्य ने नल-जल योजनाओं के संचालन एवं संधारण के लिए तकनीकी स्वीकृति जारी करने की प्रक्रिया की जानकारी दी। सहायक यंत्री अभिषेक त्रिपाठी ने नल-जल योजना के संचालन एवं संधारण से जुड़े नियमों से जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया।
आरजीएसएसए के जिला प्रबंधक पंकज नामदेव ने ओएसआर से संबंधित शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी।
पारदर्शिता की शपथ के साथ हुआ समापन
सम्मेलन के अंत में ग्राम पंचायतों की विकास योजनाओं में पारदर्शिता बनाए रखने सहित विभिन्न बिंदुओं को लेकर जनप्रतिनिधियों एवं उपस्थित लोगों को शपथ दिलाई गई। इसके साथ ही कार्यक्रम का समापन हुआ।
कार्यक्रम का संचालन एपीओ अजीत सिंह ने किया। लेखा अधिकारी सुरभित अग्रवाल ने सफल आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया।
इनकी रही मौजूदगी
कार्यक्रम में जिले की विभिन्न जनपद पंचायतों के जनपद सदस्य, सरपंच, पंच, ग्राम पंचायत सचिव, ग्राम रोजगार सहायक सहित जनपद पंचायत बड़वारा की सीईओ प्रभा तेकाम, परियोजना अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, लेखाधिकारी सुरभित अग्रवाल, सहायक परियोजना अधिकारी मृगेंद्र सिंह, मीडिया प्रभारी अधिकारी योगेंद्र कुमार असाटी, धनराज चौधरी, जग्गी पटेल, जी. किस्पोट्टा, नरेश राठौर, उमेश सोनी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।




